बारां शहर में तेज आवाज और पटाखे जैसी ध्वनि करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने अभियान शुरू किया है। बुधवार को प्रताप चौक पर चेकिंग के दौरान 3 बाइक्स जब्त की गईं। यातायात शाखा प्रभारी चंद्रप्रकाश ने बताया कि यह अभियान एसपी अभिषेक अंदासु और एएसपी राजेश चौधरी के निर्देश पर चलाया जा रहा है। कार्रवाई में ऐसी बाइक्स को पकड़ा गया, जिनमें नियमों के विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर लगे थे और जिनसे तेज और पटाखे जैसी आवाज निकल रही थी। पुलिस ने मौके पर ही इन बाइक्स के साइलेंसर खुलवाकर जब्त कर लिए। वाहन चालकों को भविष्य में ऐसे बदलाव नहीं करने की हिदायत देते हुए समझाइश भी की गई। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे वाहनों से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और आमजन को परेशानी होती है। इसलिए भविष्य में भी ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।