बारां जिले में एसीबी ने मोठपुर थाने के थानाधिकारी और एक कॉन्स्टेबल के खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई एक शिकायत के बाद की गई है। एसीबी कोटा के एएसपी विजय स्वर्णकार ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके बेटे को राहत दिलाने और एक युवती के बयान उसके पक्ष में करवाने के एवज में दोनों ने 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद 24 फरवरी को गोपनीय सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान थानाधिकारी के कहने पर कॉन्स्टेबल कुलदीप ने परिवादी पक्ष से 20 हजार रुपए ले लिए। शेष राशि अगले दिन बारां में देने के लिए कहा गया था। हालांकि, ट्रैप कार्रवाई की आशंका होने पर आरोपियों ने शेष 30 हजार रुपए नहीं लिए, जिससे ट्रैप सफल नहीं हो सका। गोपनीय सत्यापन में रिश्वत की मांग और 20 हजार रुपए लेने की पुष्टि होने पर एसीबी ने तत्कालीन थानाधिकारी देवकरण चौधरी और कॉन्स्टेबल कुलदीप के खिलाफ एफआईआर संख्या दर्ज की है। मामले की जांच बारां एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है।