बारां नगर परिषद में सभापति का पद इस बार जनरल महिला के लिए आरक्षित है। इस पद के लिए 4 महिला पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया है। खास बात यह है कि चारों पहली बार चुनावी मैदान में उतरी हैं। इनमें आम आदमी पार्टी से दो, भाजपा और कांग्रेस से एक-एक प्रत्याशी शामिल हैं। प्रत्याशियों की घोषित संपत्ति 37.22 लाख से 7.22 करोड़ रुपए तक है। चारों के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। आप से शीतल राठौर सबसे अधिक संपत्ति वाली प्रत्याशी वार्ड 37 की पार्षद शीतल राठौर ने आम आदमी पार्टी से नामांकन दाखिल किया है। शीतल राठौर (35) स्नातकोत्तर हैं। उन्होंने अपनी संपत्ति 7.22 करोड़ रुपए घोषित की है। उनके पति कमल राठौर पहले नगर परिषद सभापति रह चुके हैं। आप की डमी प्रत्याशी चंद्रकला सुमन भी मैदान में वार्ड 1 की पार्षद चंद्रकला सुमन ने भी आप से नामांकन भरा है। वे ग्रेजुएट हैं और गृहिणी हैं। उनकी घोषित संपत्ति 37.22 लाख रुपए है। वे भी पहली बार सभापति पद की दौड़ में शामिल हुई हैं। भाजपा से निलेश जैन ने ठोकी दावेदारी वार्ड 38 की भाजपा पार्षद निलेश जैन ने सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। निलेश जैन (53) 10वीं पास हैं। उन्होंने अपनी संपत्ति 2.59 करोड़ रुपए बताई है। उनके पति राकेश जैन भाजपा के जिला महामंत्री हैं। कांग्रेस से मीनाक्षी भारद्वाज उम्मीदवार वार्ड 27 की कांग्रेस पार्षद मीनाक्षी भारद्वाज भी सभापति पद की दौड़ में हैं। मीनाक्षी भारद्वाज (40) ग्रेजुएट हैं और उन्होंने अपनी संपत्ति 1.84 करोड़ रुपए घोषित की है। चारों ने विकास और जनहित को बताया प्राथमिकता सभापति पद के लिए मैदान में उतरीं चारों महिला प्रत्याशियों का कहना है कि यदि उन्हें जिम्मेदारी मिलती है तो वे शहर के विकास और जनहित से जुड़े कामों को प्राथमिकता देंगी। चारों प्रत्याशियों के चुनावी हलफनामे के अनुसार उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।