बारां जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए बुधवार से नामांकन फिर शुरू हो गए हैं। सोमवार को प्रक्रिया शुरू हुई थी, पहले दिन 20 प्रत्याशियों ने पर्चे भरे। मंगलवार को छुट्टी के कारण नामांकन नहीं हो सके थे। प्रत्याशी 23 अक्टूबर तक रोज सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। 24 अक्टूबर को पर्चों की जांच होगी और 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नामांकन के लिए अब सिर्फ 3 दिन बचे हैं। बसपा ने जिला परिषद के 23 वार्डों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं, जबकि भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक नाम जारी नहीं किए हैं। तीसरे चरण में नाहरगढ़, किशनगंज, केलवाड़ा, शाहाबाद, मांगरोल और अंता पंचायत समिति क्षेत्र शामिल हैं। इस चरण में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए 3 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। सरपंच-पंच पदों के लिए 5 नवंबर को मतदान होगा।