कोटा में धनतेरस के अवसर पर बाजारों में जमकर खरीद हो रही है। दोपहर होते ही सर्राफा, ऑटोमोबाइल, रियल एस्टेट और गारमेंट के बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस साल अच्छी फसल पैदावार और सोने-चांदी के दामों में आई गिरावट के कारण खरीदारी अच्छी हो रही है। महिलाएं 20 कैरेट की होलमार्क ज्वेलरी पसंद कर रही हैं। वहीं इस बार मार्केट में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की डिमांड भी बढ़ी है। लाइटवेट और 20 कैरेट ज्वेलरी का ट्रेंड सोने और चांदी के दामों में आई गिरावट से सराफा बाज़ार में खरीदारी का क्रेज सबसे अधिक है। ज्वेलर पंकज सोनी के अनुसार भारत सरकार द्वारा 20 कैरेट ज्वेलरी को हॉलमार्क मान्यता मिलने से इसकी काफी डिमांड है, क्योंकि यह लाइटवेट होने के साथ मजबूत भी रहती है। 8 से 15 ग्राम में नेकलेस, 1 से 2 ग्राम में रिंग्स और इयररिंग्स (टॉप्स), पेंडेंट सेट व एंटिक ज्वेलरी पसंद की जा रही है। इसके अलावा 99.99 प्रतिशत शुद्ध चांदी के सिक्के, बार, बर्तन, भगवान की मूर्तियां, पायल, बिछिया और 925 स्टर्लिंग सिल्वर कलेक्शन की भारी मांग है। युवाओं में चांदी व स्टेनलेस सिल्वर के ब्रेसलेट, कड़े, चेन और अंगूठी का जबरदस्त ट्रेंड है। पहले सोना 1.86 लाख और चांदी 4 लाख के उच्चतम स्तर पर थी, लेकिन अब दाम में गिरावट आने से मंदी का प्रभाव खत्म हो गया है। आगामी देवउठनी एकादशी और शाही-ब्याह की सीजन को देखते हुए लोग सोने-चांदी को प्रॉपर्टी के मुकाबले एक बेहतर सुरक्षित निवेश मानकर जमकर खरीदारी कर रहे हैं। ऑटोमोबाइल जोन मे टू व्हीलर की खरीदारी ज्यादा कोटा में इस बार धनतेरस पर डिलीवरी के लिए लगभग 800 चौपहिया वाहनों की प्री-बुकिंग रही। ऑटोमोबाइल सेक्टर में इस बार रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की जा रही है। इसके अलावा करीब 200 वाहनों की स्पॉट बिक्री का अनुमान है। त्योहार के डिस्काउंट के चलते लोगों में गाड़ियों को लेकर भी रूझान है। फोर-व्हीलर वाहनों पर 5 हजार से लेकर 1 लाख तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है। दोपहिया वाहनों पर 5 हजार तक की छूट दी जा रही है। इस बार इलेक्ट्रिक और CNG गाड़ियों की डिमांड ज्यादा है। कपड़ों के मार्केट में भी हलचल त्योहार और शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए कपड़ा बाज़ार में भी हलचल है। बच्चों से लेकर युवाओं तक में इस बार कुर्ता-पजामा पहनने का नया क्रेज देखा जा रहा है। दिवाली और पार्टी वियर के लिए प्रीमियम क्वालिटी के कुर्ते-पजामे की मांग है।