बारां में पंचायती राज आम चुनाव 2026 के लिए मतदान दलों की ट्रेनिंग मंगलवार से मेलखेड़ी स्थित सिटी टाउन हॉल में शुरू हुई। चार दिवसीय इस ट्रेनिंग में लगभग 1750 मतदान अधिकारी और सहायक मतदान अधिकारी भाग लेंगे। ट्रेनिंग के पहले दिन कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने मतदान अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव को पहली प्राथमिकता बताया, जिसमें मतदान दलों की अहम भूमिका है। सभी कर्मचारी ट्रेनिंग को गंभीरता से लें और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करें। कलेक्टर ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की शंकाओं का समाधान ट्रेनिंग के दौरान ही करें। मतदान दल के हर कर्मचारी के दायित्व तय हैं, उन्हें समझना जरूरी है। ट्रेनिंग स्थल पर ईवीएम चलाने की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी गई। मतपेटी के इस्तेमाल और सील करने का तरीका भी समझाया गया। डीएलएमटी सुनील शर्मा, धर्मेन्द्र मेघवाल, पूनम गौतम और दिनेश गालव के निर्देशन में ट्रेनिंग है। प्रतिदिन 220 मतदान अधिकारी व सहायक मतदान अधिकारी ट्रेनिंग लेंगे, जबकि 212 जोनल मजिस्ट्रेट की ट्रेनिंग 21 अक्टूबर को होगी।