बारां पंचायती राज चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए बारां जिले में ‘एक खेल लोकतंत्र के नाम’ थीम पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को संबलपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में सांप-सीढ़ी के खेल के जरिए विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और मतदान करने का महत्व समझाया गया। खेल के माध्यम से लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों का संदेश दिया गया। साथ ही ईसीआई नेट ऐप के जरिए ऑनलाइन पंजीयन की जानकारी भी दी गई, ताकि विद्यार्थी स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार के सदस्यों को भी मतदान के लिए प्रेरित कर सकें। सीढ़ियों पर अच्छे काम, सांपों से गलतियों का संदेश खेल में सीढ़ियों को मतदाता पहचान पत्र बनवाने, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और मतदान करने जैसे सकारात्मक कार्यों का प्रतीक बनाया गया। वहीं, सांपों के माध्यम से प्रलोभन में आने और मतदाता पंजीयन नहीं करवाने जैसी गलतियों को दर्शाया गया। विद्यार्थियों ने सीढ़ियों पर लिखे संदेश पढ़कर और सांपों से जुड़ी स्थितियों पर चर्चा करके मतदान के महत्व और लोकतंत्र में अपनी जिम्मेदारी को समझा। ईसीआई नेट ऐप से ऑनलाइन पंजीयन की जानकारी कार्यक्रम में स्वीप के सह प्रभारी अमित भार्गव ने विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता अभियान के उद्देश्य बताए। उन्हें ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाना और चुनाव में मतदान करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के महत्वपूर्ण कदम हैं। परिवार को मतदान के लिए प्रेरित करें विद्यार्थी कार्यक्रम जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा और सीईओ राजीव तोमर के निर्देश पर आयोजित किया गया। स्कूल की ​प्रिंसिपल चेतना शर्मा ने विद्यार्थियों से मतदाता पंजीयन करवाने और अपने परिवार के सदस्यों को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस दौरान उपप्रधानाचार्य यशपाल मीणा सहित स्कूल का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।