बारां में पंचायती राज चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान और पात्र युवाओं के शत-प्रतिशत पंजीयन के लिए स्वीप गतिविधियां चल रही हैं। शुक्रवार को अटरू रोड स्थित डाइट में जागरूकता कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर बालमुकुंद असावा और सीईओ एवं स्वीप नोडल अधिकारी शिवेंद्र प्रताप के निर्देशन में हुआ। स्वीप सह प्रभारी अमित भार्गव ने प्रशिक्षणार्थियों को बिना प्रलोभन निष्पक्ष और निर्भीक मतदान की शपथ दिलाई। भार्गव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाताओं की जागरूकता और भागीदारी पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि मतदान अधिकार के साथ लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं से खुद जागरूक रहने और परिवार को मतदान के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने ईवीएम से मतदान, नोटा विकल्प और चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही ईसीआई नेट ऐप से ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया समझाई। ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ थीम पर परिसर में पौधरोपण किया गया और पौधों की देखभाल का संकल्प लिया गया। प्रशिक्षणार्थियों ने ‘अनमोल मेरा वोट’ गीत पर डांस किया और मानव श्रृंखला बनाकर मतदान का संदेश दिया। हस्ताक्षर वॉल पर मतदान के महत्व से जुड़े संदेश लिखे गए। कार्यक्रम में व्याख्याता अरविंद विजय, नरेंद्र कुमार राठौर, हंसराज मेघवाल, नेमीचंद मीणा, पूनम राठौर सहित स्टाफ मौजूद रहा।