बारां जिले में बुधवार से 5 दिवसीय सघन गर्भवती जांच अभियान शुरू हो गया है। यह अभियान 15 जुलाई से 19 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना और सुरक्षित मातृत्व सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना है। अभियान के तहत प्रत्येक गर्भवती महिला की प्रसवपूर्व जांच (एएनसी) की जाएगी। साथ ही उनके स्वास्थ्य रिकॉर्ड का सत्यापन और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। सीएमएचओ डॉ. जगदीश कुशवाह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम जिले की सभी गर्भवती महिलाओं तक पहुंचेगी और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी। डॉ. कुशवाह ने बताया कि अभियान में हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनका विशेष फॉलोअप किया जाएगा। इससे गर्भावस्था के दौरान किसी भी जटिलता का समय रहते उपचार संभव हो सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य रिकॉर्ड का मिलान कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी आवश्यक जानकारियां समय पर दर्ज हों।