बारां शहर में मंगलवार को एक पुजारी अपनी मांगों को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। मांगरोल क्षेत्र के सोकांदा गांव के पुजारी धनराज वैष्णव कृषि उपज मंडी स्थित पानी की टंकी पर चढ़े। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास शुरू किया। राजस्थान पुजारी संघ के संभागीय अध्यक्ष महेंद्र शर्मा और रघुवीर बैरागी ने बताया कि पुजारी धनराज वैष्णव पिछले लगभग आठ वर्षों से मंदिर की जमीन के विवाद से परेशान हैं। उनका आरोप है कि गांव के कुछ दबंग लोगों ने मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। पुजारी के अनुसार कोर्ट ने उनके पक्ष में आदेश जारी किए हैं और जमीन को लेकर स्टे भी दिया गया है। इसके बावजूद, प्रशासन अब तक उन्हें मंदिर की जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं दिला पाया है। पुजारी ने यह भी बताया कि कुछ समय पहले प्रशासन की टीम गांव पहुंची थी, जहां कथित तौर पर अधिकारियों पर लाठी-भाटा से हमला किया गया था। उनका आरोप है कि इस मामले में भी अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है और 11 महीने बीत जाने के बाद भी उन्हें न्याय के लिए थानों और पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। विवाद के कारण मंदिर की जमीन पर खेती भी नहीं हो पा रही है। पुजारी धनराज वैष्णव ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें मंदिर की जमीन पर कब्जा दिलाया जाए और जिन लोगों पर कब्जा करने का आरोप है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। संभागीय अध्यक्ष महेंद्र शर्मा ने पुष्टि की कि न्यायालय के आदेश और जमीन से संबंधित रिसीवर की कार्रवाई पुजारी के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि कब्जा न मिलने से निराश होकर पुजारी को यह विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।