बारां जिले में रविवार को मानसून ने रफ्तार पकड़ी। दोपहर बाद अचानक हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई। मानसून की सुस्त शुरुआत के कारण जिले में किसान और आमजन बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। रविवार की इस वर्षा से मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत महसूस की। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में इसी तरह बारिश का दौर जारी रहता है, तो खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आएगी। यह बारिश फसलों के लिए भी लाभदायक साबित होगी। 5 एमएम बारिश दर्ज जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार रविवार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटे में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा दर्ज की गई। बारां में 5 मिमी, छबड़ा में 2 मिमी, अटरू में 1 मिमी और शाहाबाद में 2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को अब अच्छी मानसूनी बारिश की उम्मीद जगी है। यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहता है, तो खेती-किसानी के साथ-साथ जल स्रोतों में भी पानी की आवक बढ़ने की संभावना है।