बारां में मंगलवार को करीब डेढ़ घंटे तक हुई झमाझम बारिश से भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। हालांकि, इस बारिश ने नगर परिषद द्वारा लाखों रुपए खर्च कर करवाई गई नाला सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के कारण शहर के प्रमुख बाजारों और निचले इलाकों में डेढ़ से दो फीट तक पानी भर गया। प्रताप चौक, स्टेशन रोड, इंद्र मार्केट, सदर बाजार और धर्मादा चौराहा से गाड़ी अड्डा मार्ग जैसे कई क्षेत्र जलमग्न हो गए। सड़कों पर पानी भरने से आवाजाही में भारी परेशानी हुई, कई दोपहिया वाहन बंद हो गए और दुकानों के सामने जलभराव से व्यापार भी प्रभावित हुआ। लाखों खर्च कर की थी नालों की सफाई नगर परिषद ने लाखों रुपए के टेंडर जारी कर प्रमुख नालों की सफाई करवाई थी, लेकिन पहली ही अच्छी बारिश में यह व्यवस्था ध्वस्त हो गई। शहर के फॉरेस्ट नाला और बाणगंगा नाला सहित कई बड़े नालों में अब भी गंदगी और सिल्ट भरी हुई है। मौसम हुआ सुहावना स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि संवेदक ने नाला सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की,और अधिकारियों ने भी इस कार्य की प्रभावी निगरानी नहीं की। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह बारिश किसानों के लिए भी राहत लेकर आई है, क्योंकि लंबे समय से बारिश न होने के कारण खरीफ फसलों को लेकर चिंता बढ़ रही थी।