बारां जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारथल थाना पुलिस ने 80.26 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपए कीमत आंकी जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी के सुपरविजन और वृत्ताधिकारी ताराचंद के निर्देशन में सारथल थानाधिकारी राधेश्याम उप निरीक्षक अपनी टीम के साथ नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति दानमल (40) पुत्र किशोरलाल मीणा निवासी कोलूखेड़ा, थाना छीपाबड़ौद को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 80.26 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही स्मैक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में सारथल थाने में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच छीपाबड़ौद थाना के उप निरीक्षक घनश्याम को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि स्मैक के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।