बारां के शिवाजी कॉलोनी चौराहे पर एक खुला नाला लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। यह गंदगी, पॉलीथीन और कचरे से भरा है। जाम होने से गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है, जिससे तेज बदबू फैल रही है। शिवाजी चौराहे निवासी गोलू भड़क ने बताया कि गंदे पानी से मच्छरों की संख्या बढ़ गई है। इससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा है। राहगीरों और दुकानदारों को भी काफी दिक्कत हो रही है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी नगर परिषद ने कोई कदम नहीं उठाया। उनका आरोप है कि सफाई के लिए लाखों के टेंडर निकलते हैं, पर हालात नहीं बदलते। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से नाले की जल्द सफाई और उसे ढकने की मांग की है। वहीं, सफाई इंस्पेक्टर नरसी स्वामी ने बताया कि दुकानदार कचरा डालते हैं, जिससे नालियां जाम होती हैं। उन्होंने जल्द सफाई का आश्वासन दिया।