बारां में विजयादशमी पर मंगलवार रात दशहरा मैदान में रावण दहन कार्यक्रम हुआ। यहां 60 फीट ऊंचा रावण और 35-35 फीट ऊंचे कुंभकरण-मेघनाद के पुतले जलाए गए। रावण दहन से पहले राम-लक्ष्मण और हनुमान सेना की शोभायात्रा भी निकाली गई। पूजा के बाद नगरपरिषद सभापति शीतल राठौर ने पुतलों में आग लगाई। कुंभकरण और मेघनाद के पुतले जल्द जल गए, जबकि 60 फीट का रावण 4 मिनट 25 सेकंड तक जलता रहा। पूरा न जलने पर बाद में उसके धड़ को गिराया गया। आतिशबाजी और जय श्रीराम के नारों से मैदान गूंज उठा। हजारों लोग परिवार सहित दहन देखने पहुंचे। बाद में अधजले पटाखे लूटने बच्चों की भीड़ उमड़ी, जिससे हादसे का डर बना रहा।