धौलपुर जिले के बाड़ी क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर भाजपा के सफाई अभियान को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो के बाद स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। वायरल सामग्री में आरोप है कि अभियान के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पहले सड़क पर कचरा फैलाया। इसके बाद फोटो खिंचवाने के लिए उसी कचरे की सफाई की गई। इस घटनाक्रम से आमजन में नाराजगी है। विपक्षी दलों ने भी इस मामले को उठाते हुए भाजपा पर 'दिखावटी राजनीति' करने का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वच्छता जैसे गंभीर विषय पर इस तरह का आचरण उचित नहीं है। इससे अभियान की मूल मंशा पर प्रश्नचिह्न लगता है। दूसरी ओर, भाजपा ने इस पूरे मामले को सिरे से खारिज किया है। पार्टी का कहना है कि कार्यक्रम सम्मानजनक तरीके से आयोजित किया गया था और सफाई कार्य भी उचित ढंग से संपन्न हुआ। पार्टी के जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत ने कहा कि यदि कोई इस तरह की आलोचना कर रहा है, तो उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस पर लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।