मानसून और अतिवृष्टि को देखते हुए बाड़मेर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में समीक्षा मीटिंग की। साथ ही जिले के सभी रिटेल आउटलेट पेट्रोल पंपों पर 5 हजार लीटर डीजल और 500 लीटर पेट्रोल का स्टॉक अनिवार्य तौर पर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हर गैस एजेंसी पर 100 एलपीजी सिलेंडर, भारतीय खाद्य निगम डिपो, बाड़मेर में 1000 क्विंटल गेहूं और जिले में संचालित हर उचित मूल्य दुकान पर 5 क्विंटल गेहूं का भंडारण रखने के भी निर्देश दिए हैं। बाड़मेर में एक एसडीआरएफ की एक टीम भी मौजूद है। जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने कहा कि अतिवृष्टि और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सार्वजनिक एवं सामाजिक संस्थानों, स्कूलों और अन्य सुरक्षित स्थानों को संभावित आश्रय स्थल के रूप में पहले से चिन्हित किया जाए। इसके अलावा पंप सेट और अन्य संसाधनों के बारे में जानकारी कलेक्ट की जा रही है। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को रेत के कटटे भरवाने के निर्देश दिए हैं। बाड़मेर शहर की सड़कों की मैपिंग करवाने, शहर में सीवरेज के बड़े नालों की सफाई करवाने के निर्देश नगर परिषद को दिए हैं।