बाड़मेर में 7 साल की बच्ची के साथ रेप की घटना के बाद मंगलवार को बाड़मेर अधिवक्ता संघ ने मार्मिक अपील की है। संघ का कहना है कि आरोपी पक्ष की कोई वकील पैरवी न करे। संघ के अध्यक्ष विष्णुराम चौधरी ने कहा कि ऐसा जघन्य अपराध करने वाले आरोपी को कठोर से कठोर सजा होनी चाहिए। संघ पीड़ित परिवार के साथ है। अगर उनको बार एसोसिएशन की जरूरत पड़ी, तो 24 घंटे हम लोग तैयार हैं। पुलिस के अनुसार रविवार को 7 साल की नाबालिग घर के पास खेल रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला युवक (30) बच्ची को बहला-फुसलाकर झाड़ियों में ले गया और उसके साथ रेप किया। इसके बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। दर्द से कराहते हुए मासूम घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। परिजन मासूम को लेकर हॉस्पिटल पहुंचे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से रिपोर्ट ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। संघ के अध्यक्ष बोले- नाबालिग के परिवार का पूरा सहयोग करेंगे बाड़मेर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विष्णुराम चौधरी ने बताया कि 7 साल की बच्ची के साथ रेप का मामला दर्ज हुआ था। बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी ने पूरे संघ से मार्मिक अपील की है कि इस रेप के आरोपी की किसी प्रकार की कोई पैरवी न करें। नाबालिग के परिवार का पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आरोपी को सजा दिलाने के लिए पूरी बार एसोसिएशन मदद करने के लिए तैयार है। परिवार को न्याय के लिए कानूनी जानकारी की जरूरत होगी तो हम लोग अपनी तरफ से निशुल्क सेवा देने के लिए तैयार हैं। ऐसे आरोपियों के लिए न्याय व्यवस्था में कठोर से कठोर आजीवन कारावास की सजा है। जज पर निर्भर करता है, क्योंकि वे उसे जघन्य अपराध में फांसी की सजा भी दे सकते हैं। बता दें कि मामले में सोमवार को एबीवीपी ने भी कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया था। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ जल्द चार्जशीट पेश की जाए, पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी जाए और आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया जाए। ------------ इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… बाड़मेर में 7 साल की बच्ची के साथ रेप:पड़ोसी ने झाड़ियों में ले जाकर की दरिंदगी, आरोपी गिरफ्तार