बाड़मेर में जनगणना 2027 को लेकर जिला परिषद में तीन दिवसीय ट्रेनिंग बुधवार को शुरू हुई। इसमें पहले चरण के तहत मकानों को सूचीकरण एवं मकान गणना के लिए 25 फील्ड ट्रेनर्स को ट्रेनिंग दी जाएगी। जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम राजेंद्र सिंह चांदावत ने कहा- फील्ड ट्रेनर्स पूरी जनगणना प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी है। इन्हें हर दिशा-निर्देश को पूरी तरह समझकर प्रगणकों और सुपरवाइजरों तक सटीक जानकारी पहुंचानी होगी। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ट्रेनिंग के दौरान बाड़मेर एसडीएम यशार्थ शेखर ने कहा- फील्ड ट्रेनर अपने पद,अपने अनुभव और अपने विवेक से जनगणना-2027 से संबंधित समस्त दायित्वों पूर्ण निष्ठा के साथ-साथ समय पर खत्म करें। फील्ड ट्रेनर के द्वितीय बैच के प्रशिक्षण में तहसील बाड़मेर, बायतु, बाड़मेर ग्रामीण, बाटाडू, चौहटन तथा नगर परिषद बाड़मेर एवं नगर पालिका चौहटन के फील्ड ट्रेनर की ओर से भाग लिया जा रहा है l जियो टैगिंग और नक्शा होगा प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में मास्टर ट्रेनर भगवानदास बारूपाल एवं कान सिंह खारा की ओर से जनगणना का परिचय एवं कानूनी पहलू एवं प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण की विधि की जानकारी दी गई l साथ ही एचएलबी सीमाओं की जीओ टैगिंग एवं मानचित्र की तैयारी एवं नजरी नक्शा तैयार करने की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध करवाई गई। आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के उप निदेशक के डॉ केबी खंडेलवाल ने बताया कि फिल्ड ट्रेनर्स की ओर से ट्रेनिंग लेकर एक मई से 15 मई 2026 तक समस्त चार्ज स्तरों पर प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को ट्रेनिंग दी जाएगी। जिला समन्वयक दीपक सिराधना ने बताया- ट्रेनिंग कार्यक्रम की निगरानी सीएमएमएस पोर्टल में उपलब्ध प्रशिक्षण डेशबोर्ड के माध्यम से की जाएगी। साथ ही सभी स्तरों पर प्रशिक्षण बैच की जमीनी स्तर पर भी निगरानी की जाएगी। प्रतिभागियों से प्रशिक्षण स्थल पर प्रशिक्षण का फीडबैक भी लिया जाएगा। प्रशिक्षण में जिला जनगणना सेल के सहायक सांख्यिकी अधिकारी कैलाश ओझा, जयप्रकाश कुमावत, अविनाश वर्मा, महेश सोनवाल, संगणक विक्रम पन्नू तथा मयंक जोशी उपस्थित रहे।