बाड़मेर में नवनियुक्त जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने सोमवार देर शाम को शहर का निरीक्षण किया। महावीर पार्क में गंदगी देखकर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए नियमित सफाई करने के निर्देश दिए। वहीं गार्ड नियुक्त कर नियमित देखरेख करने के निर्देश दिए। इसके बाद राय कॉलोनी रोड, तनसिंह सर्किल, गांधी चौक, इलाकों का निरीक्षण किया। लोगों से भी फीडबैक लिया। गांधी चौक पहुंची कलेक्टर से दुकानदारों ने कहा कि ट्रैफिक के हालात बहुत खराब है। बार-बार जाम लग रहा है। इस पर कलेक्टर ने अफसरों को समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर के साथ में एडीएम राजेंद्र सिंह चांदावत, एसडीएम यशार्थ शेखर, आयुक्त भगवतसिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहें। पार्क में वॉकिंग ट्रैक की हालत अच्छी नहीं कलेक्टर ने कहा- मैंने भगवान महावीर पार्क का निरीक्षण किया। जो वॉकिग कर रहे थे, उन्होंने भी इशू बताए हैं। सबसे पहले वॉकिंग ट्रैक की हालत अच्छी नहीं है। लाइटिंग के इशू आ रहे हैं। प्लांटेशन भी नहीं है। मिट्‌टी खराब है, फ्रेश मिट्टी डलवाने की जरूरत है। टॉय ट्रेन नहीं चल रही है। चिल्ड्रन प्ले एरिया है। बेसिक झूले है। उसमें और सुधार करने की जरूरत है। कलेक्टर ने कहा कि मैंने नगर परिषद को निर्देश दिए है कि सबसे पहले सफाई का देख लें, उस पर काम कर लें। उसके साथ-साथ गार्ड लगाने की बात भी कही। शाम को एक घंटे फाउंटेन चलाने के निर्देश दिए है। साथ ही अफसरों को बच्चों के लिए टॉय ट्रेन शुरू करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उम्मीद करते है कि कुछ समय में व्यवस्थाएं सुधर जाएंगी, बाकी देखते रहेंगे। पार्क अच्छा होगा, शहर के लोगों को फायदा मिलेगा। फव्वारे में टेक्निकल इशू है। उसको ठीक करवाने के लिए कहा गया है। फव्वारे चलाए और पानी बाहर भर जाए वो भी ठीक नहीं है। इसको चैक करवाकर नियमित चलाया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि ओपन जिम को भी देखा है। कुछ चीजें ताले में है, कुछ टूटी हुई है। इस पार्क में मेजर काम की आवश्यकता है। एक साथ नहीं हो पाएगा। एक-एक करके इसमें सुधार किया जाएगा। नगर परिषद कमिश्नर से रिपोर्ट ले लूंगी कि कौनसी चीजें जिस पर काम करने की जरूरत है।