बाड़मेर साइबर थाना पुलिस ने स्पेशल अभियान 'म्यूल हंटर' के तहत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी साइबर अपराधियों को अपना बैंक खाता उपलब्ध करवाता था। प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र में साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतें दर्ज होना सामने आया है। एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम एवं तकनीकी सेवाएं), राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत एएसपी नितेश आर्य के सुपरविजन में साइबर थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी जांच के आधार पर हुई गिरफ्तारी साइबर थाना पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सूचना के आधार पर संदिग्ध खाताधारक जसाराम (30) पुत्र राणाराम निवासी कोजाणियों की ढाणी, बाड़मेर आगोर को सोमवार शाम गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपना बैंक खाता साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया था। उसके खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से की अपील जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक या सिम कार्ड उपयोग के लिए उपलब्ध नहीं कराएं। पुलिस ने कहा कि कमीशन या अन्य लाभ के लालच में बैंक खाता या सिम कार्ड किसी को देना आपको भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में ला सकता है। यदि किसी व्यक्ति ने अनजाने में अपना बैंक खाता या सिम कार्ड किसी अन्य को दिया है और बाद में उसके साइबर अपराध में उपयोग होने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।