बाड़मेर जिले की सदर पुलिस ने गांव सुथारों का तला केरली नाडी में दुकान की आड़ में मादक पदार्थ बेचने की सूचना पर दबिश दी। कार्रवाई में 5 किलो 764 ग्राम डोडा पोस्ट बरामद किया गया और एक आरोपी को डिटेन किया गया। पुलिस मुख्यालय और आईजी जोधपुर रेंज के निर्देश पर चल रहे नशा मुक्त बाड़मेर अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच जारी है। सूचना पर टीम ने दुकान पर दी दबिश एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि एएसपी नितेश आर्य के सुपरविजन में सदर थाना इंचार्ज ओमप्रकाश के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम को सूचना मिली कि सुथारों का तला केरली नाडी में ठाकराराम पुत्र गेनाराम अपनी दुकान में मादक पदार्थ छुपाकर रखता है। इस पर टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान की तलाशी ली, जहां छुपाकर रखा 5 किलो 764 ग्राम डोडा पोस्ट बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ केस, पूछताछ जारी पुलिस ने आरोपी ठाकराराम पुत्र गेनाराम निवासी सुथारों का तला केरली नाडी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। आरोपी को डिटेन कर उससे डोडा पोस्ट की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ की जा रही है। टीम में ये पुलिसकर्मी शामिल रहे कार्रवाई में सदर थाने के एएसआई गोरधनराम, कांस्टेबल शंकरसिंह, सुरेश कुमार और हनुमानराम शामिल रहे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।