बाड़मेर में इस सीजन में पहली बार तापमान 44 डिग्री पार पहुंचा है। इधर, जिले में बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए प्रशासन से स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्रों और मनरेगा मजदूरों का समय बदल दिया है। अब 8वीं तक स्कूलें 11:30 बजे तक ही संचालित होगी। वहीं मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। दरअसल, हर साल अप्रैल के शुरूआती दिनों में गर्मी तेज हो जाती है। लेकिन, इस महीने लगातार बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण गर्मी का असर कम रहा। ऐसे में अप्रैल महीने के अंतिम सप्ताह में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार थार के इस रेगिस्तानी इलाके में गर्म हवाओं और साफ आसमान के चलते सूरज की किरणें सीधे धरातल पर पड़ रही हैं, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। आंगनवाड़ी और प्राइमेरी स्कूल का समय अब 11:30 बजे तक एडीएम राजेंद्र सिंह चांदावत ने बताया- भीषण गर्मी और हीटवेव की संभावना को देखते हुए बाड़मेर जिले के समस्त सकारी और प्राइवेट स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा प्री प्राईमरी, कक्षा 1 से 8 तक और आंगनबाड़ी केंद्रों केन्द्रो के बच्चों का समय बदला गया है। 25 अप्रैल से अग्रिम आदेश तक समय प्रातः 07:30 से 11:30 बजे तक किया गया है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णसिंह महेचा ने बताया कि इस दौरान संबंधित विद्यालयों में कार्यरत शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक कार्मिको को पूर्ववत विभागीय समयानुसार उपस्थिति देनी होगी l मनरेगा का समय बदला जिला परिषद सीओ रवि कुमार ने बताया- वर्तमान में प्रदेश में प्रचंड गर्मी के दृष्टिगत मनरेगा कार्यों का समय सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक करने के निर्देश दिए गए है। यदि कोई श्रमिक समूह समय से पूर्व निर्धारित टास्क के अनुसार कार्य पूर्ण कर लेता है। वह काम पूरा करने के बाद दूसरी पारी की अटेंडेेंस दर्ज करवाने के बाद जा सकता है।