बाड़मेर में लगातार दूसरे दिन शाम को मौसम बदलने के साथ तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब करीब घंटे तक हवा और रुक-रुक बारिश हुई। इसके बाद मौसम सुहाना हो गया। न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने आगामी कुछ घंटे तक तेज हवाओं के साथ मेघगर्जना और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। दरअसल, बाड़मेर में रविवार रात को तेज हवाओं के साथ शहर और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि हुई। चौहटन, धनाऊ और रामसर क्षेत्र में भी जमकर ओले गिरे, जिससे सड़कों पर पानी भर गया। तेज आंधी के चलते शहर की बिजली सप्लाई भी बाधित हो गई और अधिकांश क्षेत्रों में आधी रात के बाद ही लाइटें बहाल हो सकीं, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। बारिश और ओलावृष्टि से जहां गर्म हवाओं से राहत मिली, वहीं उमस ने लोगों के हाल बेहाल कर दिए। रविवार को बाड़मेर का अधिकतम तापमान 3 डिग्री गिरकर 41.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1 डिग्री गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को सुबह से रुक-रुक हवाएं चलने के साथ तेज धूप व गर्मी ने परेशान कर दिया। शाम को 4 बजे आसमान में काले बादल छाए गए। 6 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। रुक-रुक बारिश चली। तेज हवा के कारण कच्ची छत भी उड़ गई। बारिश के बाद मौसम ठंडा होने के साथ उमस भी बढ़ी है। 5 दिन में दूसरी बार ओलावृष्टि, बायतु के बाद चौहटन क्षेत्र प्रभावित जिले में बीते पांच दिनों में यह दूसरी बार ओलावृष्टि दर्ज की गई है। इससे पहले 29 अप्रैल को बायतु इलाके में ओले गिरे थे। रविवार को दिनभर भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बाद शाम होते-होते मौसम ने अचानक बदलाव लिया। शाम करीब 6:30 बजे आसमान में बादल छा गए और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। रात 12 बजे तक जिले के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहा, जिससे दिनभर की तपन के बाद लोगों को राहत मिली। 6 मई तक मौसम में बदलाव, बादल छाए रहने के आसार मौसम विभाग के अनुसार तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और फिलहाल मौसम में बदलाव बना रहेगा। रविवार को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि शनिवार को यह 44.6 डिग्री था। विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 6 मई तक बादल छाए रहने और मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है।