भीषण गर्मी के बीच हनुमानगढ़ में सोमवार सुबह बारिश हुई। सुबह 6:45 बजे बारिश शुरू हुई, जो 1 घंटे तक जारी रही। वहीं शाम को श्रीगंगानगर के विजयनगर में बारिश के साथ ओले गिरे। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। उधर, पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने से राजस्थान के 6 जिलों में आंधी-बारिश के आसार हैं। 3 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज और 5 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले रविवार को बाड़मेर 46.8°C के साथ देश में सबसे गर्म शहर रहा। जैसलमेर, बीकानेर, फलोदी, बाड़मेर में दिनभर लू (हीटवेव) चली। पूर्वी राजस्थान के जिलों में राहत रही। राजस्थान की 2 तस्वीरें… ये शहर सबसे गर्म रहे… पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो राजस्थान में रविवार को सभी जिलों में आसमान साफ रहा और सुबह से शाम तक धूप रही। बाड़मेर में सीजन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बाड़मेर के अलावा जैसलमेर में अधिकतम तापमान 46.3, फलोदी में 46 डिग्री, जोधपुर में 44.6, बीकानेर में 44.4 और श्रीगंगानगर में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन सभी एरिया में दिनभर लू चली। लू का सबसे ज्यादा असर बाड़मेर, बालोतरा, फलोदी, जैसलमेर, जोधपुर के एरिया में रहा। यहां भीषण गर्मी के कारण दिन में मानो कर्फ्यू जैसी स्थिति बन गई। इन शहरों के अलावा जालोर में 43, चितौड़गढ़ में 43.4, पाली में 42, लूणकरणसर (बीकानेर) में 42.5, सिरोही में 41.3, नागौर में 41.7, चूरू में 41.1, उदयपुर में 41.6, कोटा में 41.8 और अजमेर में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अब आगे क्या? मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग और दक्षिणी राजस्थान के उदयपुर संभाग के एरिया में गर्मी का प्रभाव रहेगा। इन संभागों के जिलों में हीटवेव चलेगी। इसे देखते हुए आगामी 3 दिन के लिए कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। अब जानिए अपने शहर के मौसम का हाल… जयपुर : पारा 40 से नीचे, हीटवेव से राहत जयपुर में रविवार को गर्मी सामान्य रही। दिनभर धूप रही, लेकिन हल्की हवा चलने से यहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। सोमवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से दोपहर बाद कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं। धूलभरी हवा चल सकती है। इस सिस्टम का असर आज और कल (मंगलवार) को देखने को मिलेगा। उदयपुर : गर्मी के कारण ट्रांसफॉर्मर में लगी आग उदयपुर में रविवार का अधिकतम 41.6 और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। एक दिन पहले शनिवार को उदयपुर का अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री था। उदयपुर में भीषण गर्मी के कारण रविवार को कुराबड़ रोड स्थित बिछड़ी में 33/11 केवी के जीएसएस पर ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। इसके कारण जिंक, बिछड़ी, भल्लों का गुड़ा समेत कई गांवों और बस्तियों की सप्लाई बंद हो गई थी। जोधपुर : तीन दिन हीटवेव की चेतावनी जोधपुर में गर्मी के असर से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। रविवार को यहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने जोधपुर में 11 से 13 मई तक हीटवेव की चेतावनी जारी की है। अजमेर : कल के मुकाबले गर्मी बढ़ी अजमेर में सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 26. 8 डिग्री दर्ज किया गया है। रविवार के मुकाबले 1 डिग्री टेंपरेचर बढ़ा है। गर्मी के चलते जेएलएन हॉस्पिटल की इमरजेंसी में बर्फ मंगवाई गई है। मरीज को चढ़ने वाली ड्रिप को बर्फ के साथ रखा गया है। सीकर : हीटवेव के साथ धूल भरी आंधी चलने का अलर्ट सीकर में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान करीब 3.5 की बढ़ोतरी के साथ 24.5 डिग्री दर्ज हुआ है। 15 मई तक दिन में हीटवेव के साथ ही धूल भरी आंधी चलने का अलर्ट है। अलवर : आंधी-बारिश का अलर्ट अलवर में रविवार को दिनभर मौसम साफ रहा। अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले 2 दिन के लिए आंधी-बारिश और तेज हवा का अलर्ट जारी किया है। कोटा : गर्मी के कारण बस में लगी आग कोटा में रविवार को तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री रहा। दोपहर के समय हवा कम चलने से उमस ने भी लोगों को परेशान किया। न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। पिछले कुछ समय से तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच बना हुआ है। तेज गर्मी के कारण गाड़ियों में शॉर्ट सर्किट के मामले भी आ रहे हैं। एक सिटी बस में भी आग लग गई, हालांकि उस समय बस में कोई सवार नहीं था। बस के केबिन में धुआं उठने लगा था। हनुमानगढ़ : सुबह बदला मौसम, रिमझिम बारिश हुई हनुमानगढ़ जिले में सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। बादल छाए और 6:45 बजे बारिश शुरू हुई। रुक-रुककर करीब 1 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहा।
इस दौरान हवा भी चली। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को इस बारिश से राहत मिली है। इससे पहले रविवार को जिले में दिनभर तेज धूप और गर्म हवा ने लोगों को परेशान किया था। दोपहर में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था। सोमवार को बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।