बाड़मेर में ड्यूटी पर अनुपस्थित पाए जाने की कार्रवाई से गुस्साए लैब असिस्टेंट ने नर्सिंग सुपरिटेंडेंट को ट्रांसफर कराने की धमकी दे दी। लैब असिस्टेंट को कारण बताओ नोटिस मिला था। इसके बाद लैब असिस्टेंट में नर्सिंग सुपरिटेंडेंट को कॉल किया और कहा- बांसवाड़ा-डूंगरपुर किसको जाना है, नाम बता दो। मैं कितनी बार जवाब दूं। इस पर जब नर्सिंग सुपरिटेंडेंट ने कहा कि ये तो पीएमओ से पूछिए तो लैब असिस्टेंट ने कहा- पीएमओ को बांसवाड़ा-डूंगरपुर भेज दूंगा। आपको सस्पेंड करवा दूंगा। मामला चौहटन के सरकारी अस्पताल का सोमवार का है। दोनों की बातचीत का एक ऑडियो सामने आया है। इस ऑडियो की पुष्टि कार्यवाहक पीएमओ डॉ. अशोक पंवार ने की है। उन्होंने कहा- ऑडियो के संबंध में पीएमओ को मौखिक और लिखित बता दिया गया है। आगे की कार्रवाई उनकी ओर से ही की जाएगी। अब 2 पॉइंट्स में समझिए पूरा मामला 1. शिकायत थी; लैब में भीड़ यहां कोई नहीं: कार्यवाहक पीएमओ डॉ. अशोक पंवार ने बताया- बाड़मेर जिले के चौहटन जिला हॉस्पिटल में 23 अप्रैल को लैब कार्मिक की ओर से सूचना मिली थी कि हॉस्पिटल लैब में कोई कार्मिक नहीं है। वहां पर भीड़ हो रखी है। इसके बाद कार्यवाहक पीएमओ अशोक पंवार और नर्सिंग सुपरिटेंडेंट भंवराराम जांच करने के लिए पहुंचे। वहां पर लैब असिटेंट नरपत सिंह राव और किशनलाल लैब में नहीं थे। 2. फोन पर दी धमकी: डॉ. पंवार ने बताया- इसके बाद फोन कर बुलाया तो लैब असिटेंट नरपत सिंह राव ने लैब में आकर अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद 23 अप्रैल को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा गया। लेकिन जवाब नहीं देने पर आज सोमवार को दोबारा नोटिस (स्मरण-पत्र) देकर दो दिन में जवाब मांगा गया था। जब नोटिस तामिल करवाने के लिए नर्सिंग सुपरिटेंडेंट लैब में पहुंचे। वहां पर नहीं मिलने पर उनको फोन किया गया। तो लैब सहायक नरपत सिंह ने ट्रांसफर और सस्पेंड करवाने की धमकी दी। अब पढ़िए दोनों के बीच हुई टेलीफोनिक बातचीत… लैब असिटेंट- बांसवाड़ा-डूंगरपुर किसको जाना है मेरे को नाम बता दो नर्सिंग सुपरिटेंडेंट- मेरे को क्या पता किसको जाना है बांसवाड़ा-डूंगरपुर लैब असिटेंट- पहले नाम आपका देता हूं नर्सिंग सुपरिटेंडेंट- कर दे भाई लैब असिटेंट- मैं कर दूंगा, 500 किलोमीटर जाना पड़ेगा नर्सिंग सुपरिटेंडेंट- कर दें, बांसवाड़ा डूंगरपुर जेब में ही है। लैब असिटेंट- जवाब दे दिया, कितनी बार दें नर्सिंग सुपरिटेंडेंट- आप पीएमओ से पूछो, मेरे पास लेटर आया था मैंने भेज दिया। लैब असिटेंट- पीएमओ को बांसवाड़ा डूंगरपुर भेज दूंगा नर्सिंग सुपरिटेंडेंट- आपके शराब पी हुई है सुबह बात करते हैं। लैब असिटेंट- मैं हमेशा शराब पीता हूं, सुबह आठ बजे से पीता हूं। अब क्या करोंगे। नौकरी से हटा सकते हो तो हटा दों नर्सिंग सुपरिटेंडेंट- मैं किस लिए हटाऊं नौकरी से। लैब असिटेंट- आपको सस्पेंड करवा दूंगा। नर्सिंग सुपरिटेंडेंट- करवा दो.. नर्सिंग सुपरिटेंडेंट- मैं आपका सीनियर हूं, फिर क्यूं मैसेज कर रहे हो।