बाड़मेर कोतवाली पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 14.86 ग्राम एमडी जब्त की है। फिलहाल पुलिस आरोपी से एमडी की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है। एसपी चूनाराम जाट ने बताया- पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज आईजी से मिले निर्देशानुसार बाड़मेर में नशा मुक्त बनाने के लिए स्पेशल अभियान चलाया जा रहा है। एएनटीएफ से सूचना मिली थी कि इंदिरा गांधी सर्किल पर एक युवक ड्रग्स लेकर घूम रहा है। इस पर शनिवार रात को करीब 9 बजे कोतवाली सीआई मनोज कुमार की टीम ने वहां पर पहुंचकर दबिश दी। सर्किल पर संदिग्ध एक युवक को पकड़कर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम श्रवण गोदारा पुत्र निम्बाराम निवासी खारीया तला, भाडखा पुलिस थाना ग्रामीण को बताया। इसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 14.86 ग्राम अवैध एमडी मादक-पदार्थ जब्त किया गया। पुलिस ने श्रवण गोदाराम के खिलाफ कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। वहीं उसको गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी से ड्रग्स कहां से लेकर आया और कहां देने वाला था। इसको लेकर पूछताछ की जा रही है।