बाड़मेर में पानी सप्लाई करने जा रहे संविदा कर्मचारी(वॉल्वमैन) पर बोलेरो गाड़ी चढ़ाने का मामला सामने आया है। कर्मचारी ने दीवार फांदकर अपनी जान बचाई। कार ड्राइवर गाड़ी को बाइक के ऊपर चढ़ाकर मौके से भाग गया। घटना बाड़मेर जिले में कलेक्ट्रेट के पास दोपहर करीब 2 बजे की है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल कर्मचारी ने अभी तक थाने में रिपोर्ट नहीं दी है। जानकारी के अनुसार, पीएचईडी संविदाकर्मी दुर्जन सिंह मंगलवार दोपहर हॉस्पिटल में पानी सप्लाई करने के लिए कलेक्ट्रेट के पीछे वाले रास्ते से जा रहा था। इस दौरान पीछे से अचानक बोलेरो गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद दुर्जन सिंह नाले के ऊपर चढ़कर दीवार फांदकर कूद गया। इससे उसकी जान बच गई। पीएचईडी में वॉल्वमैन दुर्जन सिंह ने बताया कि हॉस्पिटल की एसएलआर सप्लाई खोलने के लिए बाइक पर जा रहा था। पीछे से रणवीर ट्रांसपोर्ट कंपनी का मालिक धन सिंह, बोलेरो गाड़ी लेकर आया। उसने पीछे से टक्कर मारी। जान बचाने के लिए कलेक्ट्रेट के पास दीवार से कूद गया। मेरी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी मालिक का लड़का हमारे साथ काम करता था। वह नौकरी छोड़कर चला गया था, तब कुछ बोलचाल हुई थी। लड़के के तीन महीने के रुपए बाकी थे। कोतवाली एएसआई ने बताया कि सूचना मिली थी कि कलेक्ट्रेट के दूसरे गेट के पास एक बाइक गिरी हुई है। एक व्यक्ति को चोट लगी है। मौके पर पहुंचकर पीड़ित दुर्जन सिंह से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि बाइक को पीछे से धन सिंह नाम के व्यक्ति ने टक्कर मारी। रिपोर्ट मिलते की मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।