बाड़मेर में मोबाइल में युवती की फोटो रखने के आरोप में युवक के साथ मारपीट की गई। मुंह काला करने के बाद उसे यूरिन पिलाया गया और गंदगी खिलाई गई। बाल भी काटे। मामले में पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपियों को डिटेन किया। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना 26 मार्च को दोपहर एक बजे शिव थाना क्षेत्र में हुई। आरोपियों ने घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया था, जो अब सामने आया है। बाड़मेर एएसपी नितेश आर्य ने बताया- युवक पर बहन-बेटियों की फोटो मोबाइल में रखने का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने पकड़ा। मारपीट करने के साथ ही उसका मुंह काला किया गया। यूरिन पिलाया। अपशिष्ट (गंदगी) खिलाया। वॉट्सएप चैट को लेकर हुआ विवाद शिव थाना इंचार्ज सत्यप्रकाश विश्नोई ने बताया- परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक के पास किसी युवती की वॉट्सएप चैट थी। इसी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उल्टी करता दिखा युवक घटना का 43 सेकेंड के वीडियो में युवक जमीन पर बैठा है। उसका मुंह काला किया हुआ है। कुछ लोग वीडियो बनाते हुए उसे जबरदस्ती गंदगी खाने के लिए बोल रहे हैं। युवक मना करते हुए उल्टी करता नजर आ रहा है।