बाड़मेर में शादी के 10 महीने बाद युवक की ससुराल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन ने युवक के ससुराल वालों पर मर्डर कर टांके में डालने का आरोप लगाया। युवक के पिता ने कहा- बेटे की पत्नी, सास-ससुर और साले के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। शव जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। मामला बाड़मेर जिले के सदर थाना इलाके उड़ासर गांव में रविवार रात का है। पुलिस को घटना की सूचना सोमवार सुबह मिली। फिलहाल पुलिस परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच कर रही है। मंगलवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। रविवार को ससुराल गया था सदर थाना पुलिस के अनुसार- बायतु नोसर गांव निवासी रूगाराम (22) पुत्र खुमाराम रविवार को अपने ससुराल गया था। सोमवार सुबह सूचना मिली थी कि टांके में डूबने से रुगाराम की मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची। शव टांके पर पड़ा था। रुगाराम के माता-पिता को सूचना दी। उनके आने के बाद वहां से बॉडी को बाड़मेर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी लाया गया। रुगाराम के परिजन बोले- रूगाराम ससुराल गया था। रविवार को ही वो वापस अपने गांव आ गया था, लेकिन रात को पत्नी ने फोन करके उसे दोबारा बुला लिया। रात करीब 12 बजे वो अपने ससुराल पहुंचा। इसके बाद सुबह 5 बजे हमें बताया कि रूगाराम टांके में गिर गया है। हम पहुंचे तो रुगाराम की बॉडी टांके के बाहर पड़ी थी। हाथ और सिर पर चोट के निशान थे। हमें ससुराल वालों पर शक है। रुगाराम की पत्नी, सास-ससुर और साले ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस बोले- हर एंगल से जांच करेंगे सदर थाना एसआई जितेंद्र सिंह ने बताया- परिजन ने ससुराल के चार जनों के खिलाफ रिपोर्ट दी है। मामला दर्ज कर लिया है। कल मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाएंगे। इसके बाद बॉडी सुपुर्द की जाएगी। फिलहाल हर एंगल पर जांच की जा रही है।