बारां जिले के कवाई सालपुरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात 2 यात्रियों से मोबाइल फोन और हजारों रुपए नकद चोरी हो गए। इन वारदातों के बाद स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के गुना जिले के भदोरा निवासी जितेंद्र सहरिया कवाई क्षेत्र के एक ईंट भट्टे पर मजदूरी करते हैं। शनिवार को मजदूरी का हिसाब कर गांव लौटने के लिए वह रात करीब 11 बजे जोधपुर-भोपाल ट्रेन पकड़ने सालपुरा रेलवे स्टेशन पहुंचे। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार करते समय उनकी आंख लग गई। इसी दौरान चोरों ने उनकी जेब से 2 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन चुरा लिए। नींद खुलने पर सामान गायब मिलने पर उन्होंने रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी, लेकिन उनके अनुसार कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी रात मध्यप्रदेश के साडौला क्षेत्र के एक अन्य यात्री भी चोरी का शिकार हो गए। बदमाशों ने उनके 3 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन चुरा लिए और फरार हो गए। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताई इन घटनाओं के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि सालपुरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के साथ चोरी की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं, लेकिन इन्हें रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि रात के समय स्टेशन पर नियमित रूप से रेलवे सुरक्षा बल या अन्य सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं रहते, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन पर रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित गश्त शुरू कराने और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने की मांग की है।