भरतपुर के बयाना थाना इलाके में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। महिला के पिता ने बेटी के ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में पति, सास-ससुर और देवर के खिलाफ थाने में शिकायत सौंपी गई है। पिता का आरोप है कि बेटी पूजा(30) से उसका पति और ससुराल वाले कार और 5 लाख रुपए देने की डिमांड करते थे, जिसे पूरा नहीं कर पाने पर बेटी को भूखा रखा जाता था। सोमवार को उनकी बेटी को जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। बयाना हॉस्पिटल से आरबीएम हॉस्पिटल रेफर किया, जहां उसकी मौत हो गई। बयाना थाने के एएसआई हरवीर ने बताया कि मृतका के पिता ने शिकायत दी है। उसे दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। फिलहाल पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। 11 साल पहले हुई थी शादी धौलपुर के सिंगौरई (कंचनपुर) के रहने वाले पिता सुरेश ने बयाना थाने में पति, सास-ससुर और देवर के खिलाफ रिपोर्ट सौंपी है। रिपोर्ट में बताया कि मेरी बड़ी बेटी पूजा और छोटी बेटी राधा की शादी 22 मई 2015 को संजू और उसके छोटे भाई सतीश निवासी समोगर थाना बयाना के साथ हुई थी। शादी के दौरान दोनों बेटियों को कई तरह के गिफ्ट दिए गए थे। कार और 5 लाख रुपए देने की डिमांड करते थे बड़ी बेटी पूजा को उसका पति संजू, ससुर बहादुर, सास शिवदेई, देवर पवन शादी के दो महीने बाद से परेशान करने लगे। वह उसे पीहर से दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करते थे। पूजा का पति संजू एक कार और 5 लाख रुपए की डिमांड कर रहा था। पूजा को कई दिनों तक परेशान रखा जाता था। खाना नहीं देते थे और कई दिनों तक भूखा रखकर प्रताड़ित करते थे। ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप पिता ने बताया कि पूजा ने इसके बारे में उन्हें बताया था। इसके बाद पंचायत के जरिए राजीनामा करवाने की कोशिश भी की थी। ससुराल वाले लगातार पूजा को परेशान कर रहे थे, ऐसे में सोमवार को पूजा के ससुराल वालों ने जहर देकर उसकी हत्या कर दी। इलाज के लिए बयाना से आरबीएम हॉस्पिटल भी लेकर आए, लेकिन वहां उसकी मौत हो गई।