बयाना-रुदावल रोड पर रविवार रात करीब 8 बजे नगला खटका के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार रेलकर्मी 45 वर्षीय शिवराम गुर्जर की मौत हो गई। उनके साथी 38 वर्षीय मुकुट गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गए। शिवराम रेलवे में ट्रैकमैन के पद पर काम करते थे। विधायक ने गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल हादसे के बाद रूपवास की ओर से बयाना लौट रहीं विधायक डॉ. ऋतु बनावत और उनके पति भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ऋषि बंसल ने घायलों को देखा। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और दोनों को अपनी गाड़ी से बयाना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में भरतपुर किया रेफर अस्पताल में डॉक्टरों ने शिवराम को मृत बताया। मुकुट की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भरतपुर रेफर किया गया। विधायक और उनके पति इलाज का इंतजाम होने तक अस्पताल में मौजूद रहे। विधायक की सूचना पर मेडिकल टीम भी अस्पताल पहुंच गई थी। कीर्तन दंगल से वापस लौट रहे थे रुदावल थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि गाजीपुर निवासी शिवराम (45) पुत्र श्यामा गुर्जर और मुकुट (38) पुत्र रत्ती गुर्जर भवनपुरा में आयोजित कीर्तन दंगल कार्यक्रम से बाइक पर वापस लौट रहे थे। नगला खटका के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। एएसआई सुरेश ने बताया कि शिवराम के शव को सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने खासकर युवाओं से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर की गई छोटी लापरवाही भी जान पर भारी पड़ सकती है। हेलमेट सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जान बचाने के लिए है। उन्होंने युवाओं से यह भी कहा कि बाइक चलाते समय यह जरूर याद रखें कि घर पर कोई आपका इंतजार कर रहा है।