ब्यावर में जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मनाई। इस अवसर पर पुष्पांजलि, विचार गोष्ठी, सेवा कार्य और प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने बताया कि चांगगेट स्थित अंबेडकर सर्किल पर जिला अध्यक्ष किशोर चौधरी के नेतृत्व में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। विचार गोष्ठी में खनन प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष आशीषपाल पदावत ने बाबा साहेब के "शिक्षित बनो, संगठित रहो" के विचारों को प्रासंगिक बताया। पूर्व विधायक माणक डाणी ने सामाजिक समानता में उनके योगदान पर प्रकाश डाला, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी पारस पंच ने संविधान को दलितों और पिछड़ों का सुरक्षा कवच बताया। पुष्पांजलि कार्यक्रम के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चांगगेट-सेंदड़ा रोड पर मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। इससे रास्ता जाम हो गया। कार्यकर्ताओं ने "लोकतंत्र बचाओ–संविधान बचाओ" के नारे लगाए। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार निकाय एवं पंचायती राज चुनाव टालकर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है। जयंती के अवसर पर जिला अध्यक्ष किशोर चौधरी के नेतृत्व में कच्ची बस्तियों में 135 जरूरतमंद परिवारों को राशन किट वितरित किए गए। चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सेवा और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद कार्यक्रम में अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष अजमत काठात, ओबीसी जिलाध्यक्ष कैलाश गहलोत, सेवादल जिलाध्यक्ष विक्रम सोनी, प्रदेश सचिव सोहन मेवाड़ा, बिरदीचंद, नरसिंह गहलोत, भरत बाघमार, पार्वती जाग्रत, दलपत मेवाड़ा, राजेंद्र तुनगरिया, मोहम्मद हारून सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संविधान जागरूकता सम्मेलन आयोजित इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पर अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट एम.डी. चोपदार के नेतृत्व में एकता एवं संविधान जागरूकता सम्मेलन भी आयोजित किया गया। बैठक में बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके जीवन व संविधान निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला गया। बैठक में प्रदेश कॉर्डिनेटर ऋषि लाम्बा, शाकिर कुरैशी, अब्दुल मजीद कुरैशी, हबीब खान चीता, आवेश नागौरी सहित कई पदाधिकारियों ने भाग लिया।