ब्यावर में शहर के निकट सेंदड़ा हाइवे स्थित रामगढ़ पुलिया के पास शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। मुंदरा से झुंझुनूं स्थित बॉटलिंग प्लांट जा रहे एलपीजी गैस से भरे टैंकर में अचानक आग लग गई। टैंकर में करीब 18 हजार किलोग्राम गैस भरी हुई थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही ब्यावर अग्निशमन दल तुरंत मौके पर पहुंचा। दमकल की दोनों गाड़ियों और अग्निशमन उपकरणों की मदद से जल रहे टैंकर पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। बड़ा हादसा टला अग्निशमन दल के प्रभारी ताराचन भट्ट के नेतृत्व में विक्की राठौड़, जीवराज बोयत, हाकम बख्श, अंकित यादव, ईशु यादव, राकेश पन्नू और पंकज जायसवाल की टीम ने साहस और तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला। इसी दौरान सेंदड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंची और हाइवे पर लंबी कतार में खड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला। लगभग दो घंटे तक बाधित रहे यातायात को देर रात सुचारू किया गया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।