ब्यावर में 'ऑनलाइन सुरक्षित रहो-इंटरनेट सब कुछ याद रखता है' अभियान के तहत विभिन्न स्कूलों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर और अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ब्यावर के निर्देश पर न्यायिक अधिकारियों ने इन कार्यक्रमों का संचालन किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ब्यावर के सचिव एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कमल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के तहत डॉ. वीनू नागपाल, गिरीजा भारद्वाज, विजयप्रकाश सोनी, प्रवीण चौहान, पंकज सांखला, ब्रह्मानंद शर्मा, प्रवीण शंकर, श्रीमती मौनिका चौधरी, सुषमा जाखड़, सतीश फनीन और हर्षित शर्मा सहित कई न्यायिक अधिकारियों ने शहर के विभिन्न स्कूलों में विधिक साक्षरता शिविर लगाए। इन शिविरों में विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के महत्व और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, पॉक्सो एक्ट, जुवेनाइल जस्टिस एक्ट और बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सचिव कमल कुमार ने बताया कि यह अभियान पूरे ब्यावर जिले में निरंतर जारी रहेगा। इसके तहत प्रतिदिन न्यायिक अधिकारी विद्यालयों का दौरा कर विद्यार्थियों को कानूनी जानकारी और जागरूकता प्रदान करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्कूलों में 'कोर्ट वाली दीदी' नाम से सुझाव एवं शिकायत पेटिकाएं स्थापित की जा रही हैं, जहां विद्यार्थी अपनी समस्याएं और सुझाव गोपनीय रूप से दर्ज कर सकेंगे। इन शिकायतों का समाधान बिना पहचान उजागर किए सुनिश्चित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर द्वारा यह व्यापक अभियान पूरे राज्य में चलाया जा रहा है। इस पहल के तहत लगभग 1400 न्यायिक अधिकारी स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर दुर्व्यवहार सहित विभिन्न अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक कर रहे हैं।