ब्यावर नगरपरिषद के उपसभापति पद के चुनाव में मंगलवार को भाजपा के दीक्षान्त हरचन्दानी ने जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस की शिवांगी नागौरा को 22 वोटों के अंतर से हराया। हरचन्दानी को 41 मत मिले, जबकि नागौरा को 19 मत प्राप्त हुए। इस चुनाव में राजनीतिक समीकरणों ने नया मोड़ लिया, जब भाजपा ने कई पुराने दिग्गज दावेदारों को पीछे छोड़ते हुए युवा पार्षद दीक्षान्त हरचन्दानी को अपना उम्मीदवार बनाया। कांग्रेस ने शिवांगी नागौरा को मैदान में उतारा था। उपसभापति पद को लेकर पिछले कई दिनों से तरह-तरह के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे थे। भाजपा द्वारा युवा चेहरे को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद इन अटकलों पर विराम लग गया। चुनाव परिणाम में दीक्षान्त को भाजपा के कुल 23 पार्षदों से ज्यादा यानी 41 मत प्राप्त हुए। ऐसे में परिणाम से यह साफ जाहिर है कि उन्हें अन्य दलों और निर्दलीय पार्षदों का भी समर्थन मिला। हालांकि किस पार्षद ने किसे मतदान किया, इसका आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है।