ब्यावर सदर थाने में पदस्थापित हेड कॉन्स्टेबल रामाकिशन और दलाल कानाराम को रिश्वत लेने के आरोप में एसीबी ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोमवार देर रात की गई। इस मामले में रिश्वत की राशि लेकर फरार हुए व्यक्ति की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी के मुताबिक उसकी बहन द्वारा ब्यावर सदर थाने में दिए गए परिवाद में राजीनामा करवाने की एवज में हेड कॉन्स्टेबल रामाकिशन और कॉन्स्टेबल मनोज द्वारा राजीनामा राशि के अलावा 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के बाद रिश्वत की राशि 8 हजार रुपए देना तय हुआ। दलाल का परिचित रिश्वत राशि लेकर हुआ फरार शिकायत की पुष्टि होने पर एसीबी के एएसपी राजवीर सिंह चंपावत के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान हेड कॉन्स्टेबल रामाकिशन ने परिवादी से 8 हजार रुपए की रिश्वत राशि दलाल कानाराम को दिलवाई। एसीबी टीम को देखते ही कानाराम ने यह राशि अपने परिचित राहुल काठात को सौंप दी। राहुल रिश्वत की राशि लेकर मौके से फरार हो गया। एसीबी टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।