गाय को 'राष्ट्रीय माता' का दर्जा देने की मांग को लेकर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने सोमवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठनों ने सरकार से आग्रह किया कि भारतीय संस्कृति और आस्था में गाय के विशेष महत्व को देखते हुए उसे 'राष्ट्र माता' का दर्जा प्रदान किया जाए। उन्होंने गौवंश संरक्षण को बढ़ावा देने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त एवं प्रभावी कानून बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान वक्ताओं ने गाय के धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने इसे भारतीय परंपरा का अभिन्न अंग बताया और कहा कि गाय केवल आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी महत्वपूर्ण आधार रही है। ज्ञापन सौंपने के दौरान विपिन सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।