जोधपुर शहर में अवैध अतिक्रमण को लेकर नगर निगम की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। कुड़ी भगतासनी और रामेश्वर नगर में सोमवार को भी अ​तिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। रामेश्वर नगर में दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया। इस कारण कार्रवाई को स्थगित करना पड़ा। अतिक्रमण प्रभारी रजनीश बारासा ने बताया कि दुकानदारों ने अपने स्तर पर इसे हटाने के लिए दो दिन का समय मांगा था इसलिए कार्रवाई को स्थगित करना पड़ा। हालांकि तब तक टीम ने कुछ हिस्सा हटा दिया था। शिकायत के आधार पर कुड़ी में हटाया अतिक्रमण अतिक्रमण प्रभारी-रजनीश बारासा ने बताया कि आयुक्त राहुल जैन और उपायुक्त जलज घासिया के निर्देशानुसार कुड़ी सेक्टर दो में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस अतिक्रमण को लेकर सीएमओ और वीआईपी प्रकरण सामने आया था। इसके बाद यहां सड़क सीमा में लगे टीन शेड, अवैध अतिक्रमण और चबूतरों को हटाया गया। इस दौरान 1 से 8 जोन के वार्ड प्रभारी मौजूद रहे। इस कार्रवाई के तहत मकानों के बाहर अवैध तरीके से बनाए अवैध चबूतरों को भी तोड़ा गया। रामेश्वर नगर में टीम का विरोध, स्थगित करनी पड़ी कार्रवाई प्रभारी बारासा ने बताया कि दूसरी कार्रवाई रामेश्वर नगर के नेशनल हैंडलूम के आस-पास इलाके में की गई। यहां लंबे समय से इसकी शिकायत मिल रही थी। इसके साथ ही अतिक्रमण की वजह से लोगों को आने-जाने में भी परेशानी हो रही थी। इसे लेकर सड़क सीमा में जो अतिक्रमण थे, उन्हें हटाया गया। इस दौरान यहां कुछ दुकानदारों ने इसका विरोध भी किया। उन्होंने बताया कि यहां के लोगों ने एक-दो दिन का समय मांगा था। इस पर हमने दो दिन का समय देकर इस कार्रवाई को स्थगित किया है। ऐसे में यदि दो दिन में ये अतिक्रमण हटाते है तो ठीक है, नहीं तो नगर निगम की ओर से इसे लेकर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में जोन सहायक प्रभारी तरूण गुजराती, विक्रम पंडित, महेंद्र चौधरी और अशोक विश्नोई मौजूद रहे। टीम की कार्रवाई के बाद लोगों ने दुकान के बाहर से हटाया सामान हालांकि नगर निगम ने रामेश्वर नगर में अतिक्रमण की कार्रवाई को स्थगित कर दिया था। लेकिन, टीम के जाने के बाद यहां दुकानदारों ने अपने स्तर पर सामान हटाना शुरू किया। इस पर दुकान के बाहर लगे टीन शेड और अवैध कैबिन को लोगों ने हटाया।