ब्यावर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 57 हजार एनर्जी ड्रिंक की बिक्री पर रोक लगा दी है। यह कार्रवाई मंगलवार शाम को एमएम फूड एण्ड बैवरेजेज प्रतिष्ठान के औचक निरीक्षण के दौरान भ्रामक लेबलिंग पाए जाने के बाद की गई। 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यह निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के भंडारण में अनियमितताएं पाईं। सैम्पल जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई निरीक्षण के दौरान स्टिंग एनर्जी ड्रिंक का नमूना जांच के लिए लिया गया। FSSAI नियमों के विपरीत भ्रामक लेबलिंग मिलने पर लगभग 57 हजार एनर्जी ड्रिंक की बिक्री पर रोक लगा दी गई। विभाग ने प्रतिष्ठान संचालक को भविष्य में ऐसी अनियमितताएं नहीं दोहराने के सख्त निर्देश दिए हैं। लिए गए नमूनों को परीक्षण के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। जारी रहेगा अभियान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत ने बताया कि एनर्जी ड्रिंक में कैफीन की मात्रा अधिक होती है। यह गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है, जिसके मद्देनजर यह कार्रवाई की गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह ने आमजन से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय सतर्कता बरतें। उपभोक्ताओं को उत्पाद की पैकिंग तिथि, निर्माता का विवरण और लेबल पर अंकित जानकारी की जांच करने के बाद ही खाद्य पदार्थ खरीदने चाहिए।