बहरोड़ और आसपास के इलाकों में रविवार शाम गणेश प्रतिमाओं का श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया गया। गणेश चतुर्थी पर लायंस क्लब केसरी ने श्याम मंदिर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की थी। रविवार शाम करीब 6:15 बजे श्याम मंदिर से गणेश प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली गई। ये शोभायात्रा पीएम श्री गर्ल्स स्कूल और पुलिस थाने के सामने से होते हुए पुराना बस स्टैंड तक पहुंची। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाएं भजनों पर नाचते-गाते चल रही थीं। रास्ते में श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। गणपति बप्पा मोरिया के जयकारे लगे इस दौरान 'गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ' के जयकारे लगाए गए। इसके बाद गणेश प्रतिमा को विसर्जन के लिए हरियाणा सीमा की ओर ले जाया गया, जहां देर शाम श्रद्धापूर्वक विसर्जन हुआ। तालाब सूखने से 15Km दूर ले गए प्रतिमा करीब 12 साल पहले तक बहरोड़ कस्बे में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन बाबा भास्करानंद महाराज मंदिर परिसर के तालाब में होता था। समय के साथ जलस्तर गिरने और तालाब सूख जाने के कारण वहां प्रतिमा विसर्जन संभव नहीं रहा। इसके बाद से गणेश प्रतिमाओं को बहरोड़ से करीब 15 किलोमीटर दूर हरियाणा सीमा क्षेत्र में ले जाकर नहर में विसर्जित किया जाता है। इस बार भी प्रतिमा को हरियाणा के नारनौल क्षेत्र के गांव मंढाणा की नहर में विसर्जित किया गया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सुख-समृद्धि और क्षेत्र में खुशहाली की कामना की।