बहरोड़ सदर थाना क्षेत्र के गांव कारोड़ा में एक शराब ठेके के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। रविवार को स्थानीय लोगों ने शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थानाधिकारी दिनेश मीणा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बहरोड़ के जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शव की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम शिनाख्त होने के बाद ही करवाया जाएगा। शुरुआती तौर पर मौत का कारण अत्यधिक शराब का सेवन बताया जा रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।