कलेक्ट्री में पहली मंजिल पर बैठे अधिकारियों से मिलने के लिए बुजुर्गों और विशेष योग्यजनों को अब सीढ़ियां नहीं चढ़नी पड़ेगी। एसपी डॉ. अमृता दुहन ने गुरुवार को कलेक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर पर ही बैठक व्यवस्था शुरू कर दी है। यहां दो बेंच और पंखा भी लगाया गया है, ताकि परिवादियों को गर्मी में परेशान न होना पड़े। एक दिन पहले बुजुर्ग महिला हाथों के सहारे सीढ़ियां चढ़कर एसपी ऑफिस पहुंची थी। इस असंवेदना को भास्कर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद एसपी ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए ग्राउंड फ्लोर पर ही इनकी बैठने की व्यवस्था कर दी। अब अधिकारी नीचे आकर वृद्धों की समस्या सुनेंगे। सीढ़ियां नहीं चढ़ पाने पर नीचे आकर सुनेंगे समस्या कलेक्ट्री गेट के अंदर प्रवेश करने के बाद बायीं ओर टिनशेड के नीचे बैठक व्यवस्था की गई है। गुरुवार को बुजुर्ग बेंच पर बैठे इंतजार करते दिखे, वहीं अधिकारियों ने भी उनसे नीचे आकर बात की। दूसरी ओर, मामले में जयपुर के राज्य मानवाधिकार आयोग ने जिला मजिस्ट्रेट, एसपी व संभागीय आयुक्त से घटना की रिपोर्ट मांगी है।