भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बुधवार को पाली से जयपुर जाते समय बर क्षेत्र के एक निजी रिसॉर्ट में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि आगामी बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। राठौड़ ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मौजूदा सरकार लंबे समय से जनभावनाओं के विपरीत शासन चला रही है। उनके अनुसार, राज्य की जनता टीएमसी सरकार से परेशान है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने ममता बनर्जी सरकार को हटाने का मन बना लिया है और भाजपा को स्पष्ट बहुमत देने के लिए तैयार है। मुलाकात के दौरान बर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को स्थानीय जनसमस्याओं से अवगत कराया। भाजपा नेता कानसिंह इंदा ने रायपुर उपखंड मुख्यालय सहित बर क्षेत्र में चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने बर चिकित्सालय में महिला एवं बाल रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति, उपखंड मुख्यालय व नगरपालिका क्षेत्र में दमकल वाहन उपलब्ध कराने जैसी प्रमुख मांगें भी रखीं। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। इस दौरान पार्टी संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई, ताकि क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों को और अधिक मजबूत किया जा सके। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता छोटू सिंह उदावत, कानसिंह इंदा, एडवोकेट मनजीत सिंह उदावत, एडवोकेट मुकेश गुर्जर, जोरावर सिंह उदावत, डूंगा राम बागड़ी, सोहनलाल माली, महेंद्र माली, रोहित सिंह शेखावत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।