हनुमानगढ़ जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भादरा थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2.63 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय नरेंद्र आचार्य के रूप में हुई है, जो भादरा की जुलाहों की ढाणी का निवासी है। पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से यह अवैध मादक पदार्थ मिला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। इसका उद्देश्य नशा तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाना है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था।