बांसवाड़ा शहर में चोरों ने एक मकान का ताला खोलने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों की सजगता के चलते उनकी साजिश नाकाम हो गई। ​देर रात आहट सुनकर जब पड़ोसी बाहर आए, तो खुद को घिरता देख चोर मौके से फरार हो गए। घटना भगत सिंह कॉलोनी में सोमवार की रात को हुई। कॉलोनी वासियों का आरोप है कि क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त के दावों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। लोगों का कहना है कि पुलिस की ढिलाई के कारण चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे रिहायशी इलाकों में भी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देने की कोशिश कर रहे हैं। ​इस घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है और साक्ष्य के तौर पर सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपे हैं। राजतालाब थानाधिकारी और प्रशिक्षु आरपीएस सुहासी जैन ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। सीसीटीवी फुटेज में चोर ताला तोड़ने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर रही है। गौरतलब हैं कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लूट व चोरी की घटनाएं निरंतर बढ़ती जा रही हैं।