सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा तहसील क्षेत्र में मंगलवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। तेज घुमाव के पास मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से चौथ का बरवाड़ा सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसा भगवतगढ़ गांव के पास इंडेन गैस गोदाम रोड पर हुआ। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश मीणा पुत्र कालूराम मीणा निवासी बंधा के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह भगवतगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि इंडेन गैस गोदाम के पास एक युवक गंभीर अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहां युवक घायल अवस्था में मिला। इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। खंभे पर मिले बाइक के कांच के टुकड़े पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो बिजली के खंभे के ऊपर बाइक के कांच के टुकड़े चिपके हुए मिले। वहीं, युवक खंभे के नीचे पड़ा हुआ था। घटनास्थल पर दुर्घटना के समय कोई मौजूद नहीं था, जिससे हादसे के बारे में तत्काल प्रत्यक्ष जानकारी नहीं मिल सकी प्रारंभिक जांच में बाइक के बिजली के खंभे से टकराने के कारण दुर्घटना होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। दुर्घटना की सूचना के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा रही। पुलिस ने शव को चौथ का बरवाड़ा सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।