डूंगरपुर जिले के भंडारिया गांव में चोरों ने एक सूने मकान से नकदी और सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए। चोर घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी का लॉकर तोड़कर सामान ले गए। भंडारिया निवासी संजय भोई बीती रात परिवार के साथ डूंगरपुर शहर की न्यू कॉलोनी में गरबा खेलने गए थे। मकान सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़ा। उन्होंने करीब 50 हजार रुपए नकद, लगभग दो ग्राम सोने के कान के टॉप्स और चांदी की दो अंगूठियां चुरा लीं। मंगलवार सुबह 4 बजे संजय भोई घर लौटे तो चोरी का पता चला। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखकर चोरों की तलाश कर रही है। घर की सदस्य साक्षी भोई ने इस बारे में बताया।