भरतपुर ACB ने सोमवार को भुसावर पंचायत समिति में कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता (AEN) गोविंद प्रसाद को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। AEN ने सरपंच की माप पुस्तिका पर साइन करने और विकास कार्यों के भुगतान के एवज में 2 प्रतिशत के हिसाब से 30 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। गिरफ्तारी के बाद ACB ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से 43 लाख 38 हजार 500 रुपए नकद और करीब 20 किलो चांदी की सिल्लियां बरामद हुईं। ACB के एडिशनल एसपी अमित सिंह ने बताया कि सरपंच ने रिश्वत मांगने की शिकायत भरतपुर ACB कार्यालय में दी थी। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद सोमवार को ट्रैप की कार्रवाई की गई। सरपंच ने AEN को रिश्वत की राशि देने के लिए भुसावर बस स्टैंड पर बुलाया। यहां ACB की टीम पहले से निगरानी कर रही थी। जैसे ही सरपंच ने 30 हजार रुपए दिए, टीम ने AEN को दबोच लिया। भागने की कोशिश की, टीम ने पकड़ा रिश्वत की रकम लेते ही AEN गोविंद प्रसाद ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन ACB टीम के कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उसके ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। घर से भारी मात्रा में नकदी-चांदी बरामद ACB की तलाशी में AEN के घर से 43 लाख 38 हजार 500 रुपए नकद और करीब 20 किलो चांदी की सिल्लियां मिलीं। इसके अलावा हिंडौन में दो दुकानों, जयपुर में एक मकान सहित प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर स्थित मकान, दुकान और प्लॉट से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। ACB अब बरामद संपत्ति और दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामले में आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जाएगी।